
विधानसभा क्षेत्र का चहंुमुखी विकास सर्वोच्च प्राथमिकता जीतराम कटवाल
झंडूता रिपोर्टर
झंडूता के विधायक जीतराम कटवाल ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र का चहंुमुखी विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रदेश की कांग्रेस सरकार भाजपा विधायकों के विधानसभा क्षेत्रों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। उनके क्षेत्रों में विकास के नए कार्यों के लिए बजट का प्रावधान करना तो दूर, पहले से चल रहे कार्याें में भी अड़ंगे अटकाए जा रहे हैं। इसके बावजूद मोदी सरकार के सहयोग से वह अपने विधानसभा क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ रहे हैं। इसके मद्देनजर केंद्रीय मंत्रियों से मुलाकात करके बजट का प्रावधान करवाया जा रहा है।
शुक्रवार को जीतराम कटवाल ने झंडूता में भाजपा कार्यालय में लोगों की समस्याएं सुनीं। ज्यादातर समस्याओं का समाधान मौके पर ही कर दिया गया। बाकी समस्याओं के समाधान के लिए उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाती हैं। हिमाचल जैसे पर्वतीय राज्य में सड़कों का महत्व और भी अधिक बढ़ जाता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प लिया है। यह संकल्प तभी पूरा हो सकता है, जब सभी गांव सड़कों से जुड़ जाएं। इसी के मद्देनजर उन्होंने बजट का मुख और विकास का रुख गांवों की ओर मोड़ा है। इससे ग्रामीण इलाकों में सड़कों का नेटवर्क मजबूत होने के साथ ही लोगों को सभी जरूरी मूलभूत सुविधाएं भी मिल रही हैं।
जीतराम कटवाल ने कहा कि भाजपा एक राष्ट्रवादी पार्टी है। भाजपा का कोई भी कार्यकर्ता अपनी काबलियत और मेहनत से किसी भी पद तक पहंुच सकता है। दिल्ली की नवनियुक्त मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता इसका ताजा उदाहरण हैं। इसके विपरीत कांग्रेस समेत कई अन्य विपक्षी दलों में परिवारवाद पूरी तरह से हावी है। इसी वजह से देश की जनता उन्हें नकारते हुए राष्ट्रवादी विचारधारा के साथ काम करने वाली भाजपा के साथ जुड़ रही है। उन्होंने झंडूता विधानसभा क्षेत्र के लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी सभी समस्याओं का समाधान करने के साथ ही सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध करवाने में भी कोई कमी नहीं छोड़ी जाएगी। शुक्रवार को विधायक ने कई सामाजिक कार्यक्रमों मंे भी उपस्थिति दर्ज करवाई।