
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में
झंडूता में भाजपा ने जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया
बिलासपुर
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को झंडूता में भाजपा ने जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष सीमा ठाकुर ने मुख्य अतिथि, जबकि झंडूता के विधायक जीतराम कटवाल ने विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत की। जिला भाजपा अध्यक्ष कृष्णलाल चंदेल ने भी उपस्थिति दर्ज करवाई। कार्यक्रम में जहां समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं और महिला मंडलों को सम्मानित किया गया, वहीं महिलाओं व युवतियों ने भी रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर इसे चार चांद लगाने में कोई कमी नहीं रखी।
अपने संबोधन में जीतराम कटवाल ने कहा कि महिलाएं समाज का मजबूत स्तंभ हैं। उनके बगैर समाज की कल्पना भी नहीं की जा सकती। महिलाएं अब केवल गृह-गृहस्थी संभालने तक सीमित नहीं हैं। घर की चारदीवारी से बाहर निकलकर वे खेल जगत, स्वास्थ्य, इंजीनियरिंग, सेना व व्यवसाय से लेकर अंतरिक्ष तक हर क्षेत्र में अपनी बहुआयामी प्रतिभा की चमक बिखेर रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व मंे महिलाओं की सुरक्षा के साथ ही विकसित भारत के संकल्प में उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाओं को अमलीजामा पहनाया गया है। महिलाओं को खुले में शौच की समस्या से निजात दिलाने के लिए जहां 11 करोड़ शौचालय बनवाए गए, वहीं जनधन योजना के तहत 23 करोड़ बैंक खाते खुलवाए गए। ‘नमो ड्रोन दीदी’ योजना भी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में अहम भूमिका निभा रही है।
जीतराम कटवाल ने कहा कि महिला दिवस केवल एक कार्यक्रम या उत्सव नहीं, बल्कि महिलाओं की संघर्षगाथा को समाज के सामने लाने के साथ ही उनके अधिकारों की रक्षा के लिए उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम भी है। उन्होंने नारी शक्ति को महिला दिवस की बधाई देते हुए उनका आह्वान किया कि वे समाज में फैल रही नशे जैसी अन्य बुराइयों को जड़ से उखाड़ फेंकने में भी बढ़चढ़ कर अपना योगदान दें, ताकि युवा पीढ़ी को बर्बाद होने से बचाया जा सके। कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष शैलजा शर्मा, झंडूता मंडल मोर्चा अध्यक्ष कंचन धीमान, नयनादेवी मंडल मोर्चा अध्यक्ष मीना शर्मा और तथा घुमारवीं मंडल मोर्चा अध्यक्ष रक्षा कपिल समेत लगभग 600 महिलाओं ने भाग लिया।