
15 दिन के अंदर काम शुरू न किया तो संघर्ष किसान मोर्चा घुमारवीं मंडल अध्यक्ष देश राज शर्मा
कांग्रेस सरकार बनने के बाद जिला में विकास का कोई नया काम शुरू तो नहीं हुआ, उल्टा पहले से चल रहे विकास कार्य भी बंद हो गए हैं। जिला से संबंधित मंत्री भी अपने विधानसभा की पैरवी करने में नाकाम रहे हैं। भाजपा किसान मोर्चा घुमारवीं मंडल के अध्यक्ष देश राज शर्मा ने आरोप लगाया कि घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के तहत कंदरौर से पूर्व भाजपा सरकार के समय औहर-राहियां-पलथीं के लिए उठाऊ सिंचाई योजना बनाई जा रही थी। इस योजना का करीब 70 प्रतिशत काम पूरा हो गया है। उन्होंने बताया कि 15 करोड़ 37 लाख रुपए की लागत से इस योजना का निर्माण कार्य किया जा रहा है तथा इसके लिए नाबार्ड से फंडिंग की गई है। इस योजना को वर्ष 2020-21 में मंजूरी मिली थी। आरोप लगाया कि इस योजना का काम करीब 5 महीने से बंद पड़ा है। ठेकेदार ने पेमैंट न होने के कारण काम बंद कर दिया है। ठेकेदार का करीब ढाई करोड़ रुपए विभाग के पास बाकी है। उन्होंने बताया कि इस योजना से अवारी, बकरोआ, पेहड़वीं, नाल्टी, डुगली, घुमाणी,भगेड़, बकरोआ, बागठेडू, मझौन, औहर, दड़याणा, राहियां, भंजवाणी, प्लेह आदि गांवों की करीब 400 हैक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध होनी थी। लेकिन प्रदेश सरकार ने इस योजना का काम बंद करवा दिया। जिससे संबंधित गांवों के लोगों को सिंचाई सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है। चेतावनी दी कि यदि 15 दिन के अंदर काम शुरू न किया तो किसान मोर्चा को लोकहित में संघर्ष करना पड़ेगा। जिसकी सारी जिम्मेवारी प्रदेश सरकार की होगी।