
कांग्रेस सरकार का सवा दो वर्ष का कार्यकाल पूरी तरह से निराशाजनक
झंडूता रिपोर्टर
झंडूता के विधायक जीतराम कटवाल ने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन का नारा लगाकर सत्ता में आई कांग्रेस सरकार का सवा दो वर्ष का कार्यकाल पूरी तरह से निराशाजनक रहा है। व्यवस्था में ऐसा परिवर्तन आया है कि देवभूमि कहे जाने वाले हिमाचल में गोलीकांड की घटनाएं आम होने लगी हैं। नशा, खनन, वन व भूमि माफिया पूरी तरह से हावी है। सिर से पैर तक भ्रष्टाचार में डूबी हुई मित्रों की यह सरकार जनता के बीच पूरी तरह बेनकाब हो चुकी है।
शिमला में 27 मार्च को प्रस्तावित विधानसभा घेराव और आक्रोश रैली की तैयारियों के मद्देनजर रविवार को झंडूता में भाजपा कार्यालय में आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए जीतराम कटवाल ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने सवा दो वर्षों में केवल भाजपा कार्यकाल में जनहित में खोले गए संस्थान और जनकल्याणकारी योजनाओं को बंद करने तथा महंगाई का बोझ लादकर लोगों को तंग करने का ही काम किया है। कानून व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा चुकी है। सवा दो वर्ष में गोलीकांड के आधा दर्जन से अधिक मामले हो चुके हैं। इसी तरह हत्या के लगभग 250 तथा नशे के 3000 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं। महिलाओं पर अत्याचार के मामलों का आंकड़ा 1000 तक पहंुच रहा है। नशा माफिया और आपराधिक तत्वों की गैरकानूनी कारगुजारियांे में लगातार वृद्धि हो रही है। यह सब प्रदेश सरकार के संरक्षण के कारण ही हो रहा है।
जीतराम कटवाल ने कहा कि जनता की उम्मीदों पर खरा उतरने में पूरी तरह से नाकाम रही कांग्रेस सरकार राजनीतिक द्वेष भावना से काम कर रही है। भाजपा विधायकों के विधानसभा क्षेत्रों में विकास का कोई नया काम शुरू करना तो दूर, केंद्र तथा पूर्व भाजपा सरकार द्वारा शुरू किए गए कार्याें में भी अड़ंगे अटकाए जा रहे हैं। प्रदेश सरकार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से सीख लेनी चाहिए, जो भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए बिना किसी भेदभाव के पूरे देश का चहुंमुखी विकास करवा रहे हैं। हर मामले में प्रदेश सरकार की नाकामी को लेकर 27 मार्च को शिमला में आक्रोश रैली निकालने के साथ ही विधानसभा का घेराव भी किया जाएगा। इसमें भाजपा के झंडूता व शाहतलाई मंडलों से 600 से अधिक कार्यकर्ता भाग लेंगे। इससे पहले जीतराम कटवाल ने लोगों की समस्याएं भी सुनीं। ज्यादातर समस्याएं पानी, बिजली व सड़क आदि से संबंधित थीं। इनमें से कुछ समस्याआंे का निपटारा मौके पर ही कर दिया गया, जबकि बाकियों के समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में झंडूता भाजपा मंडल अध्यक्ष रसम सिंह चंदेल, शाहतलाई मंडल अध्यक्ष रामप्रकाश शर्मा, दिनेश चंदेल, राजेश मेहता व सदानंद शर्मा समेत कई कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।