
—6 मार्च को
राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा बिलासपुर आएंगे
बिलासपुर ब्यूरो
दिल्ली के विधानसभा चुनाव में भाजपा की शानदार जीत के बाद 6 मार्च को पहली बार अपने गृह जिला बिलासपुर आ रहे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा का गर्मजोशी से स्वागत करने की तैयारी है। इसके उपलक्ष्य में शहर के रौड़ा सेक्टर स्थित भाषा एवं संस्कृति विभाग के आॅडिटोरियम में भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह का आयोजन किया जाएगा। भाजपा ने इस कार्यक्रम के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है।
सदर के विधायक त्रिलोक जमवाल ने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में पार्टी ने कई राज्यों में सरकार बनाई है। हाल ही में दिल्ली में हुए विधानसभा चुनाव में भी भाजपा ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए जीत का परचम लहराया है। दिल्ली में जीत के बाद जगत प्रकाश नड्डा 6 मार्च को पहली बार अपने गृह जिला बिलासपुर आ रहे हैं। यहां उनका गर्मजोशी से स्वागत किया जाएगा। उनके आगमन पर शहर के रौड़ा सेक्टर स्थित भाषा एवं संस्कृति विभाग के आॅडिटोरियम में नागरिक अभिनंदन समारोह का आयोजन किया जाएगा। दोपहर एक बजे से शुरू होने वाले इस समारोह के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है। उन्होंने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया है कि वे जेपी नड्डा के आगमन पर आयोजित किए जा रहे नागरिक अभिनंदन समारोह में बढ़चढ़ कर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करें।